ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: थाना क्षेत्र के गांव गंगौरा में मंगलवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे उस समय चीख पुकार के साथ कोहराम मच गया जब एक बीस वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घर के बाहर जानवरों को चारा डाल रही मां ने बेटी को आवाज लगाई काफी देर कोई प्रतिक्रिया ना मिलने पर जब मां ने अंदर जाकर देखा तो बेटी का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव गंगौरा निवासी धर्मेंद्र उर्फ पंछी की 20 वर्षीय बेटी सुमन ने मंगलवार सुबह घर के कमरे में लगे कुंदे में दुपट्टे के सहारे फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घर के बाहर जानवरों को चारा दे रही मां मंजू देवी ने बेटी को कई आवाजें लगाई लेकिन जब काफी देर तक घर के अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तब मां ने घर के अंदर जाकर देखा तो सुमन का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था।
बेटी को फंदे पर झूलता देखा मां चीख उठी। चीख पुकार सुन पड़ोसी तथा परिजन घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े और आनन फानन में सुमन को फंदे से नीचे उतारा किंतु तब तक सुमन की मौत हो चुकी थी। इधर परिजनों ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाकर शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा। पुलिस जब तक घटना स्थल पर पहुंची तब तक परिजनों द्वारा शव को फंदे से नीचे उतारा जा चुका था।
घटना के समय पिता तथा बड़ा भाई कन्हैया खेतों में गेहूं काटने के लिए गए हुए थे। तथा मां घर के बाहर जानवरों को चारा दे रही थी तभी सुमन ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतिका दो बहन तथा दो भाइयों में तीसरे नम्बर की थी। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। तथा छोटा भाई बाहर रहकर पढ़ाई कर रहा है। मृतिका सुमन ने दो वर्ष पूर्व ही 12 की परीक्षा पास की थी। जिसके बाद से वो घर पर ही रह रही थी। परिजनों ने बताया कि सुबह सब कुछ सामान्य था अचानक सुमन ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया इसके सम्बन्ध में कुछ कहा नहीं जा सकता।
वही थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की सूचना प्राप्त हुई थी। जिस पर थाना पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
फोटो – चीख पुकार करते परिजन
