ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना।राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार सुबह फायर कर्मियों ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक किया। प्रभात फेरी इटावा-विधूना रोड स्थित पड़ियापुरा पेट्रोल पंप से प्रारंभ होकर थाना कोतवाली कार्यालय तक निकाली गई।

इस दौरान फायर कर्मियों ने रास्ते में विभिन्न स्थानों पर रुककर लोगों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा व सतर्कता के बारे में जानकारी दी। साथ ही जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि 14 अप्रैल भारतीय अग्निशमन सेवा के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। वर्ष 1944 में मुंबई बंदरगाह (विक्टोरिया डॉक) पर एसएस फोर्ट स्टिकीन जहाज में भीषण आग लगने और विस्फोट की घटना में 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं वीर शहीदों की स्मृति में प्रतिवर्ष 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है। साथ ही 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर एफएसडी सर्वेंद्र कुमार, एलएफएम भरत सिंह, फायरमैन शशिकांत, सुशील कुमार, रविन्द्र कुमार, ध्यानचंद्र, रामकिशोर और सुखवीर सिंह सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
