ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। कस्बे के महावीर नगर निवासी एक उपभोक्ता को बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। मात्र एक महीने का बिजली बिल 40 हजार रुपये से अधिक आने पर उपभोक्ता ने उपजिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
महावीर नगर निवासी सुभाष चंद्र पुत्र रामेश्वर दयाल ने उपजिलाधिकारी भरथना काव्या सी. को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके नाम से एक बिजली कनेक्शन है, जिसका जुलाई 2025 तक का बिल उन्होंने जमा कर दिया था। इसके बावजूद अगस्त माह में 40,538 रुपये का बिल थमा दिया गया, जबकि रीडिंग मात्र 70 यूनिट दर्शाई गई है। पीड़ित का कहना है कि वह कई बार बिजली उपखंड कार्यालय भरथना के चक्कर काट चुका है, लेकिन किसी ने समस्या का समाधान नहीं किया। यहां तक कि वह सुंदरपुर, इटावा स्थित विद्युत कार्यालय भी गया, जहां से मीटर के सही होने की रिपोर्ट दी गई। बावजूद इसके गलत बिल जारी कर दिया गया। सुभाष चंद्र का कहना है कि मात्र एक माह का 40 हजार रुपये से अधिक का बिल आने से वह आर्थिक संकट में है और विभाग से राहत की गुहार लगा रहा है।
इस संबंध में विद्युत उपखंड अधिकारी दिलीप कुमार साहू ने बताया कि उपभोक्ता के घर पर स्मार्ट मीटर लगा हुआ है। गलत बिल की शिकायत के बाद मीटर विभाग से लाइव रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद बिल में आवश्यक संशोधन करा दिया जाएगा।
