भरथना पुलिस का एक्शन: लाखों की टप्पेबाजी का खुलासा, कैश और तमंचा बरामद

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

टप्पेबाजी करने वाले दो शातिर दबोचे, 2.10 लाख रुपये और हथियार बरामद

महिलाओं से गहने ठगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया राज़ फ़ाश

इटावा: जनपद की भरथना पुलिस ने टप्पेबाजी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के गहने बेचकर अर्जित दो लाख दस हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

भरथना पुलिस टीम बीती रात गश्त पर थी तभी सूचना मिली कि कृष्णानगर चौराहे के पास दो संदिग्ध युवक किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों के नाम राजा निवासी फिरोजाबाद और रंजीत प्रताप निवासी मैनपुरी बताए गए हैं। तलाशी में उनके पास से नकदी और तमंचा बरामद हुआ।

पूछताछ में दोनों ने टप्पेबाजी की दो वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। पहली घटना 11 अगस्त को भरथना बस स्टैंड पर हुई थी जहां इन्होंने एक महिला को सोना दुगना करने का झांसा देकर मंगलसूत्र, झुमके और अंगूठियां ठग ली थीं। दूसरी वारदात 31 मई को लखना नहर पुल के पास हुई थी जहां एक महिला का पर्स चोरी कर उसमें रखे गहने बेच दिए गए थे।

बरामदगी में बकेवर कांड से संबंधित डेढ़ लाख रुपये और भरथना कांड से संबंधित साठ हजार रुपये मिले हैं। इसके अलावा एक तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों शातिर अपराधी हैं और इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *