ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना: तहसील में सोमवार को समाधान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान विभिन्न गांवों व मोहल्लों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। समाधान दिवस में कुल 12 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों की टीमें गठित कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सुनवाई के दौरान चंदनपुर साम्हों गांव की जयदेवी ने बिजली विभाग पर मनमाने ढंग से बिल वसूली का आरोप लगाया। नगला गनू निवासी अशोक कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कर जान-माल की सुरक्षा और झूठे आरोपों से बचाने की मांग की। नई तहसील निवासी ब्रजेन्द्र शर्मा ने पालिका द्वारा गंदा कूड़ा घर के पास डाले जाने की शिकायत की। कस्वा के मोहल्ला मोतीगंज के सुरेन्द्र कुमार दुबे ने घर के सामने जबरन नया ट्रांसफार्मर रखे जाने पर आपत्ति जताई। वहीं नगला दुजू बकेवर के रामनाथ ने प्रधान पर विरोधियों से मिलकर उत्पीड़न का आरोप लगाया। मोहल्ला सती मंदिर निवासी सुदामा लाल ने नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला उठाया।

समाधान दिवस के दौरान सीडीओ अजय कुमार गौतम ने गरीब व असहाय लोगों को सर्दी से बचाव हेतु कंबल वितरित किए। साथ ही तहसील परिसर में कैंटीन निर्माण के निर्देश देते हुए उपजिलाधिकारी काव्या सी. को जिम्मेदारी सौंपी और प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भी किया।
कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी आर.डी. मौर्य, बीडीओ भरथना विजय शंकर प्रसाद, पशु चिकित्साधिकारी वी.के. वर्मा, नायब नाजिर/प्रशासनिक अधिकारी मनोज श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो – कम्बल वितरण करते तथा निरिक्षण करते मुख्य विकास अधिकारी
