
ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। कस्बे के मोहल्ला गिरधारीपुरा स्थित वृद्धाश्रम में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम परिसर को सजाया गया था और बुजुर्गों की सेवा-सम्मान का विशेष वातावरण बना हुआ था।

कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा—
“बुजुर्ग हमारे समाज का आईना हैं। उनके आशीर्वाद और अनुभवों के बिना जीवन अधूरा है। हमें चाहिए कि हम अपने बड़ों का सम्मान करें, उनकी देखभाल करें और उन्हें कभी अकेला महसूस न होने दें। यह हमारी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।” थाना प्रभारी ने बुजुर्गों से मिलकर उनका हालचाल जाना और उन्हें वस्त्र, फल, मिठाई आदि वितरित किए। उपहार पाकर वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। किसी की आंखें खुशी से नम हुईं तो किसी ने अधिकारियों और प्रबंधकों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में वृद्धाश्रम प्रबंधक रीतू यादव, लेखाकार गौरी शंकर, स्टोर कीपर अंबुज त्रिपाठी हेड कांस्टेबल आशुतोष नवीन, सिपाही शोभाराम, श्याम सिंह, महिला कांस्टेबल रजनी सिंह, गीता देवी,सरिता देवी,समेत समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने मिलकर बुजुर्गों के साथ समय बिताया। कार्यक्रम का समापन बुजुर्गों के आशीर्वाद और उनके सम्मान के संकल्प के साथ हुआ।
