ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त, 7017774931

औरैया। पोरवाल सभा की कमेटी गठन को लेकर उठे विवाद के बाद 28 मार्च को निर्वाचित कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया। इसके साथ ही अध्यक्ष पद से आनंद नाथ गुप्ता को हटा दिया गया है। अब प्रशासन की निगरानी में नई कमेटी का गठन कराया जाएगा।
बताया गया कि 28 मार्च को पोरवाल धर्मशाला में आपसी सहमति से सर्वसम्मति के आधार पर कमेटी का चुनाव संपन्न हुआ था। चुनाव के बाद सभी पदाधिकारियों का स्वागत भी किया गया, लेकिन अगले ही दिन विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि आनंद नाथ गुप्ता ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए सदस्यों पर आरोप लगाने शुरू कर दिए और पूरी कमेटी अपने अनुसार गठित करने की बात पर अड़े रहे।
काफी समझाने के बावजूद जब उन्होंने अपनी जिद नहीं छोड़ी, तो सभा के सदस्यों ने आपात बैठक बुलाकर नई कमेटी को भंग करने का निर्णय लिया और उन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया गया।
इसके बाद पोरवाल सभा के सदस्यों ने जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर आनंद वर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त करते हुए दोनों पक्षों को बुलाकर चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं।
अब प्रशासन की देखरेख में जल्द ही चुनाव प्रक्रिया पूरी कर नई कमेटी का गठन किया जाएगा। इस दौरान पोरवाल सभा के अध्यक्ष ब्रजेन्द्र गुप्ता, मंत्री आनंद आर्य, अनुपम पोरवाल, अतुल पोरवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
