
ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। कस्वे में आयोजित 127वें रामलीला महोत्सव में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात भव्य शोभायात्रा के रूप में नगर भ्रमण को निकली। आकर्षक झांकियों और भक्ति संगीत के बीच नगरवासियों ने प्रभु श्रीराम के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और “जय श्रीराम” के उद्घोषों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।

शोभायात्रा का शुभारंभ कस्बे के इटावा रोड स्थित हीरो एजेंसी से हुआ, जहां पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव ने रामलीला कमेटी पदाधिकारियों के साथ हरी झंडी दिखाकर बारात को रवाना किया। इससे पूर्व वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच रथ पर विराजमान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का तिलक, पूजन और आरती संपन्न हुई।

नगर भ्रमण में सुसज्जित रथों के साथ भगवान भोलेनाथ, मां दुर्गा, खाटू श्याम, सोने की लंका, महाराज गजानन, वीर हनुमान, साईं बाबा, माता सरस्वती, राधा-कृष्ण, और राम दरबार की इलेक्ट्रॉनिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। राम चन्द्र की बारात नगला राजा से प्रारंभ होकर कृष्णा नगर, रेलवे ओवर ब्रिज, पालीबम्बा, मोतीगंज, तिलक रोड, बजाजा लाइन, आजाद रोड, गिरधारीपुरा, सती मंदिर, मंडी रोड, पुराना भरथना और बालूगंज होते हुए जवाहर रोड स्थित रामलीला प्रांगण में संपन्न हुई। भव्य बारात के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और नगर में आध्यात्मिक वातावरण छा गया।

इस दौरान कमेटी अध्यक्ष रोहित यादव, महामंत्री विनोद गोस्वामी, कोषाध्यक्ष नीलेश त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्याय गणेश कौशल, विनोद यादव, सत्यप्रकाश यादव राजा,उपाध्याय प्रताप यादव, अजय तिवारी गब्बू, विपिन यादव, अरविंद भदौरिया, के.के. यादव, पवन यादव, श्रीनवेश यादव, टिंकू यादव, कमलेश यादव, बड़े भदौरिया, राजकुमार भारती, मदन कुमार, अवधेश सविता सहित सैकड़ों कमेटी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।
उक्त महोत्सव में बुधवार की रात लक्ष्मण परशुराम संवाद तथा धनुष भंग की लीला का मंचन देख श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे. रामलीला पांडाल में श्रद्धालु राम लीला का मंचन देखने के लिए पूरी रात डटे रहे. धनुष भंग तथा लक्ष्मण परशुराम की लीला के मंचन के बाद गुरुवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की भव्य बारात नगर भ्रमण के लिए निकाली गयी।.
फोटो – बारात को हरी झंडी दिखाते पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव तथा कमेटी के पदाधिकारी
