ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना कस्बे के मोहल्ला आजाद रोड स्थित एक घर में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। आग सुबह करीब 7:40 बजे लगी, जिससे घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। आगजनी में करीब 2 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक शशि गुप्ता, जो टाइल्स व पत्थर का कार्य करते हैं, अपने पुत्र शुभ गुप्ता के साथ सुबह करीब 7:00 बजे गांव भाजोरपुर स्थित मंदिर में टाइल्स व पत्थर छोड़ने गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर घर में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वे तत्काल घर पहुंचे, जहां आग से भारी नुकसान हो चुका था।
आग में एसी, टीवी, कूलर, फ्रिज, पूजा की अलमारी में रखे करीब 1500 रुपये नकद तथा पहनने के कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर के सामने स्थित दुकानदार लक्ष्मी कौशल ने सबसे पहले धुआं निकलते देखा और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
