दीपावली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक कुंतल से अधिक मिठाई नष्ट

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

इटावा: दीपावली के त्योहार से पहले मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमार कार्रवाई तेज हो गई है। अब तक विभाग द्वारा 33 से अधिक नमूने लिए जा चुके हैं।

शासन के आदेश एवं जिलाधिकारी इटावा के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न बाजारों—इटावा शहर, जसवंतनगर, भरथना, बकेवर, चकरनगर, सैफई और हनुमंतपुरा में खाद्य पदार्थों की जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सैफई तहसील के उझयानी गांव में छापा मारकर अस्वास्थ्यकर अवस्था में रखी लगभग 80 किलो छेना मिठाई को नष्ट कराया गया। वहीं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार की टीम ने 11 किलो बर्फी और 20 किलो छेना मिठाई नष्ट कराई। टीम ने बर्फी, मिल्क केक और बूंदी के लड्डू के नमूने भी जांच के लिए लिए।

इसके अलावा चकरनगर तहसील के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र सोनकर ने हनुमंतपुरा में सरसों तेल का नमूना लिया, जबकि अलीगढ़ से इटावा आ रही नमकीन सप्लाई करने वाली गाड़ी को रोककर उससे भी नमूना एकत्र किया गया।

छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश सकारिया, मृत्युंजय कुमार, सुभाष सोनकर, संदीप सिंह, कपिल गुप्ता और गायत्री शामिल रहीं। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *