एस.ए.वी. इंटर कॉलेज में तहसील युवक समारोह 2025 सफलतापूर्वक सम्पन्न

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। एस.ए.वी. इंटर कॉलेज भरथना के क्रीड़ा प्रांगण में 8 अक्टूबर 2025 को तहसील युवक समारोह 2025 का आयोजन बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष हरिश्चंद्र पांडे उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात प्रधानाचार्य डॉ. शैलेन्द्र कुमार द्वारा मुख्य अतिथि को पटका, बैज पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

तहसील स्तर पर आयोजित इस युवक रैली में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं जैसे दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक और गोला फेंक का आयोजन अंडर-19, अंडर-17 और अंडर-14 तीन वर्गों में बालक एवं बालिका श्रेणियों में किया गया। इस प्रतियोगिता में एस.ए.वी. इंटर कॉलेज भरथना, लोकमान्य रूरल इंटर कॉलेज महेवा, प्रकाश इंटर कॉलेज भरथना, बिहारी जी इंटर कॉलेज अहेरीपुर, जनता इंटर कॉलेज बकेवर और एस.डी.डी. इंटर कॉलेज सलेमपुर सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के परिणामों में एस.ए.वी. इंटर कॉलेज भरथना ने 1500 मीटर दौड़ (अंडर-19) और 800 मीटर दौड़ (अंडर-17) बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लोकमान्य रूरल इंटर कॉलेज महेवा ने अंडर-17 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में जनता इंटर कॉलेज बकेवर की छात्रा शालिनी ने गोला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कार्यक्रम के प्रथम दिन की समाप्ति पर प्रधानाचार्य डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह के दूसरे दिन 9 अक्टूबर 2025 को होने वाले शेष खेलों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संयोजन विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक जगदीश चन्द्र गौतम के कुशल निर्देशन में हुआ। निर्णायक मंडल में मनोज यादव, अभिषेक, बृजेश चन्द्र रावत और हिंदलाल मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अन्य अतिथियों में आयुषी श्रीवास्तव, अंकित सिंह और महेंद्र यादव प्रमुख रहे।

निर्णय लेखा सदस्य के रूप में जयप्रकाश, सुल्तान सिंह, कैलाश शंकर दुबे और खुशनाथ गुप्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन विद्यालय के संगीत शिक्षक आशुतोष सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ लिपिक हृदयेश यादव ने विशेष सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं कर्मचारीगण सक्रिय सहयोगी के रूप में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *