Etawah Today News : पढ़े आज (18 August) इटावा की प्रमुख खबरें

1. पूर्व विधायक महेंद्र सिंह राजपूत की 13वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि

महेवा। विकास खंड महेवा के ग्राम ढकाताल निवासी समाजसेवी एवं पूर्व विधायक स्व. महेंद्र सिंह राजपूत की 13वीं पुण्यतिथि पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें नम आंखों से याद किया। स्व. राजपूत समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी से इटावा सदर से विधायक रहे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष पद को भी सुशोभित किया। वे सदैव जनता की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। उनकी पुण्यतिथि पर महेवा, बहेड़ा, पुरावली, मेंहदीपुर, अंदावा, उझियानी, आनेपुर सहित अनेक गांवों के लोग मौजूद रहे। श्रद्धांजलि देने वालों में प्रधान नबाब सिंह राजपूत, पूर्व प्रधान सुभाष यादव, विमल राजपूत, सतेंद्र राजपूत, समाजसेवी राजीव चौधरी, प्रधान बहेड़ा विजय प्रताप सिंह सेंगर, पूर्व प्रधान राहुल तिवारी, आर्यन सोनू चौधरी, समाज सेविका मीनाक्षी चौहान, आप नेता डॉ. शिव प्रताप सिंह राजपूत, प्रधान बम्होरा हरगोविंद पाल, प्रधान महेवा कुमुद सिंह, प्रधान उझियानी देवेंद्र सिंह, आनेपुर प्रधान सीता देवी, मुकुटपुर प्रधान लाल सिंह कुशवाहा, अहेरीपुर प्रधान प्रतिनिधि अखिलेश वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुरावली मिथुन पांडेय, संजय पाल, बड़े यादव (पूर्व प्रधान महेवा) सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।
सभी ने स्व. महेंद्र सिंह राजपूत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

2. महेवा में मात्रिका फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क मेडिकल कैंप, सैकड़ों मरीजों को लाभ

महेवा । विकास खंड महेवा की ग्राम पंचायत शेरपुर केशोपुर में समाजसेवी सुधांशु तिवारी के संयोजन में मात्रिका फाउंडेशन के तहत निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में एक सैकड़ा से अधिक मरीजों की जांच की गई तथा उन्हें निःशुल्क दवाएं व परामर्श दिया गया। ग्राम केशोपुर निवासी स्व. राजा राम तिवारी की स्मृति में उनके पौत्र सुधांशु तिवारी द्वारा प्रत्येक वर्ष 17 अगस्त को यह कैंप आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी ओम अशोका हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. रविकांत, डॉ. विभोर कुमार, डॉ. सोमवीर, डॉ. अनुज लोधी आदि ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मेडिकल कैंप का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और सुधांशु तिवारी द्वारा लगाया गया यह कैंप अत्यंत सराहनीय है। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, जिला मंत्री रजत चौधरी, बासु चौधरी, पूर्व चेयरमैन इकदिल सौरभ दीक्षित, राज्य बर्धन भदौरिया, आयुष राज, कमलेश कठेरिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं व्यवस्था में पूर्व प्रधान आदेश तिवारी, अवनीश तिवारी, आशीष तिवारी, योगेश तिवारी, दीपक चौबे, अंकित तिवारी आदि सहयोगी रहे। अंत में संयोजक सुधांशु तिवारी ने सभी अतिथियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने इस पुण्य कार्य की सराहना की।

3. NH-19 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

महेवा । बकेवर थाना क्षेत्र के आगरा–कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर शनिवार देर रात करीब 8:30 बजे अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पुलिस महेवा सीएचसी लेकर पहुँची, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुधीर पाठक (56 वर्ष) पुत्र स्व. सुमित नारायण पाठक निवासी ग्राम बहेड़ा, थाना बकेवर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह घर से अपने ढाबे पर खाना खाने के लिए साइकिल से जा रहे थे, तभी दुर्घटना घटित हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

4. बकेवर क्षेत्र में पुलिस व ट्रैक्टर चोर के बीच मुठभेड़, बदमाश व उपनिरीक्षक घायल

बकेवर । थाना क्षेत्र के नगला हरचन्दी–इकनौर मार्ग पर रविवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस और ट्रैक्टर चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रैक्टर चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसने ट्रैक्टर छोड़ पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जबकि उपनिरीक्षक विनीत पाण्डेय भी झड़प में घायल हो गए। घायल बदमाश की पहचान चंद शेखर उर्फ़ चंदू निवासी सूजीपुरा भरथना के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का ट्रैक्टर, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज बताए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी विपिन कुमार के साथ उपनिरीक्षक विनीत पाण्डेय, हाकिम सिंह, किशन पाल सिंह, शोभित कुमार प्रजापति तथा पुलिसकर्मी रोहित कुमार यादव, मोहम्मद कलाम, मनमोहन सिंह, अजय कुमार और अखिलेश कुमार मौजूद रहे।

5. इंद्रावखी दुर्गा मैया मंदिर पर धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी

महेवा। इटावा जनपद में जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विकासखंड महेवा के ग्राम इंद्रावखी स्थित दुर्गा मैया मंदिर पर विशेष आयोजन किया गया, जहाँ भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी सजाई। कार्यक्रम में सुंदरकांड का पाठ हुआ और देर रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर भोग अर्पित कर आरती उतारी गई। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। भक्तिमय वातावरण में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। यह स्थान दुर्गा मैया का प्राचीन धाम है, जहाँ दूर-दराज़ से लोग अपनी मान्यता लेकर पहुंचते हैं। कार्यक्रम का संचालन पुजारी साहब कुमार ने किया। इस अवसर पर राजू चौहान, चुन्नू चौहान, रविंद्र तिवारी, चुन्नू बाजपेई, इंद्रपाल सिंह चौहान, श्याम सिंह चौहान, संजय तिवारी, गुड्डन चौहान, रविंद्र सिंह चौहान सहित कई ग्रामवासी मौजूद रहे।

6. कच्चा मकान गिरने से बुजुर्ग की मौत,गाय घायल

जसवंतनगर। रविवार को सुबह थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघावली निवासी सुबह अर्जुन सिंह भदौरिया पुत्र पूरन सिंह भदौरिया उम्र करीब 65 वर्ष की ईंटो से निर्मित गारा की कच्ची दीवाल अचानक भरभराकर गिर गयी जिससे अर्जुन सिंह और उनकी गाय मलबे के नीचे दब गए। हादसे में अर्जुन सिंह की मौत हो गई जबकि उनके दुधारू गाय घायल हो गई। अचानक हुए इस हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और गाँव के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुँच गए। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह अर्जुन सिंह अपने कच्चे मकान में बंधी हुई गाय को चारा खिलाने के बाद साफ़ सफाई कर रहे थे तभी मकान की मिट्टी के गारे से जुड़ी ईटों की दीवार ढह गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर मलबे को हटाया, लेकिन तब तक अर्जुन सिंह की सांसें थम चुकी थीं। हादसे में न सिर्फ उनकी जान गई, बल्कि घर–गृहस्थी का सारा सामान भी दबकर पूरी तरह नष्ट हो गया।सूचना पर पहुंचे सदर तहसीलदार राजकुमार सिंह लेखपाल अनिल कुमार व उप निरीक्षक उमेश पटेल उoनिo शिव कुमार सिंह ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। प्रशासनिक टीम ने मृतक के परिवार को ढाढस बधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।गाँव में इस घटना से शोक का माहौल है। 

7. ट्रेन से कटकर बुजुर्ग की मौत

जसवंतनगर।रविवार को दिल्ली–हावड़ा रेलमार्ग और डीएफसीसी ट्रैक पर गेट संख्या 40सी के पास दर्दनाक हादसा हो गया। नगला असरोही गाँव निवासी 75 वर्षीय श्रीकृष्ण पुत्र लीलाधर किसी कार्य से रेलवे ट्रैक पार करके तिजोरा गाँव जा रहे थे।इसी दौरान बीबामऊ गाँव के पास खंबा संख्या 658/20/22 के बीच से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना पर पहुँची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

8. हिंदू विद्यालय के विद्यार्थियों ने ऐरो स्पेस लैब का किया भ्रमण

जसवंतनगर।भारतीय मानक ब्यूरो के द्वारा मानक क्लब के तत्वाधान में विद्यालय के गणित प्रवक्ता विजय कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में 40 विद्यार्थियों का एक दल सुदित ग्लोबल एकैडमी इटावा में स्थापित एयरोस्पेस लैब की भ्रमण के लिए गया।कालेज प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को रवाना किया। विद्यालय के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि एयरोस्पेस लैब में बच्चों ने वायुयान की बनावट वायुयान की गतिविज्ञान  3D प्रिंटर तथा विज्ञान के हस्त निर्मित मॉडल और अटल टिंकरिंग लैब आईसीटी लैब डू इट योरसेल्फ  विज्ञान की दीवार खगोल विज्ञान प्रयोगशाला आदि का भ्रमण किया। 

9. भाजपा नेता सत्येंद्र तोमर ने किया मद्य निषेध राज्य मंत्री बृजेश शुक्ला का स्वागत

जसवंतनगर।उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश महामंत्री बृजेश शुक्ला को उत्तर प्रदेश सरकार में मद्य निषेध राज्य मंत्री बनाए जाने पर यहां रेलमंडी में व्यापार संगठन से जुड़े स्थानीय पदाधिकारियों ने नगर अध्यक्ष सतेन्द्र तोमर के संयोजन में जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया। इस दौरान उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को मद्य निषेध राज्य मंत्री बृजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकारी योजनाओं को गिनाया।व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ महेश चंद कुशवाहा ने मोनू दुबे को नगर उपाध्यक्ष बनाए जाने का मनोनयन पत्र सौंपा।कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अजय धाकरे,  जितेंद्र शीलू तोमर, प्रतीक गुप्ता, मनीष गुप्ता, शिवम  शिवहरे, गौरव गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। रामलीला तिराहे पर संगठन के युवा जिलाध्यक्ष शिवम गुप्ता की अगुवाई में स्वागत अभिनंदन किया गया।

10. पति पर मारपीट व प्रताड़ना का आरोप, पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज

ताखा। थाना ऊसराहार क्षेत्र के ग्राम गपचिया निवासी महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में आए दिन मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता गोल्डी पत्नी हर्ष चौधरी ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर उसे बेरहमी से पीटता है। वर्ष 2021 में भी उसने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समझौते के बाद मामला शांत हो गया था। इसके बावजूद मारपीट की घटनाएं जारी रहीं। पीड़िता के अनुसार, 15 अगस्त की रात उसके पति ने शराब पीकर कमरे में बंद कर बाल पकड़कर घसीटा और और मारपीट की, इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।

11. बाइक को कार ने मारी जोरदार टक्कर दो लोग गंभीर रूप से घायल रिपोर्ट दर्ज

ताखा।  थाना भरथना क्षेत्र के गांव मोती निवासी सन्देेश कुमार पुत्र रामपाल सिंह अपने चाचा शिवपाल सिंह के साथ बाइक से मैनपुरी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर भाऊपुरा-ऊसराहार मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से आ रही एक कार ने तेज और लापरवाही से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सन्देेश कुमार बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दोनों पैर टूट गए और शरीर पर कई चोटें आईं। वहीं, चाचा शिवपाल सिंह को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को सीएचसी भरथना पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि प्राथमिक उपचार के बाद भी उचित इलाज न मिलने से घायल को निजी चिकित्सालय में भर्ती करना पड़ा। सन्देेशकुमार का अभी तक इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं ऊसराहार पुलिस ने घटना की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दिया है।

12. इटावा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद

 इटावा। थाना सैफई पुलिस ने मोबाइल छीनने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार थाना सैफई क्षेत्र में मोबाइल छीनने की घटना के बाद सक्रिय हुई टीम ने रुकईया नहर पुल से लाडमपुर निवासी विशुन दयाल पुत्र बेचे लाल और रामकिशोर पुत्र आशाराम को दबोचा। पकड़े गए दोनों बदमाशों के खिलाफ मु0अ0स0 204/2025 धारा 303(2) BNS, 317(2) BNS, 35(1)(2) BNSS तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामदगी में तीन मोबाइल (ओप्पो, वीवो, इनफिनिक्स स्मार्ट 8), एक तमंचा, दो कारतूस और एक मोटरसाइकिल (UP 75 AV 1591) शामिल हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह राठी, उपनिरीक्षक शकील अहमद, कांस्टेबल महेश, संदीप कुमार और गौरव कुमार शामिल रहे।

13. इटावा पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव व धर्मपत्नी रहे मौजूद

इटावा। रिजर्व पुलिस लाइन इटावा परिसर में रविवार को पुलिस परिवार संग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रीना श्रीवास्तव विशेष रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके बाद मंदिर में पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई और पुलिस परिवार के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एसएसपी ने सभी को त्यौहार की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और साझा संस्कृति का संदेश देते हैं। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रजत कुमार जैन, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

14. नहर के पानी में उतराता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस 

भरथना: कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव में गाँव के बाहर से निकली नहर के पानी में एक शव उतराता देख स्थानीय में हडकम्प मच गया. ग्रामीणों ने डायल 112 पर शव मिलने की सूचना दी. सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर पंचनामा भरकर मोर्चरी भेजा. रविवार की शाम करीब तीन बजे क्षेत्र के गांव तुरैया पुल पर ग्रामीणों ने नहर में एक शव को बहता देख डायल 112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से शव को रपटपुरा गाँव के सामने नहर से निकलवाया. नहर में शव अर्धनग्न हालत में मिला. जिसकी शिनाख्त नही हो सकी. मृतक की उम्र करीब पचपन वर्ष बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ शव किसी अन्य स्थान से बहता हुआ नहर में आया है. जो तीन चार दिन पुराना प्रतीत होता है.  पुलिस शव की शिनाख्त करने में जुटी रही किन्तु काफी देर के प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नही हो सकी. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. थाना पुलिस शव की शिनाख्त करने में जुटी हुई है. 

15. सास बहू के साथ नामजदों ने की मारपीट

भरथना। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला आशाराम, मौजा बेटियापुरा में रविवार दोपहर दबंगों ने एक बुजुर्ग महिला और उसकी पुत्रवधू के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता विमला देवी पत्नी स्वर्गीय मोहकम सिंह ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। विमला देवी ने बताया कि रविवार को करीब 3 बजे दो नामजद उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने उनकी पुत्रवधू अनीता तथा उनके साथ मारपीट कर दी। घटना के दौरान शोरगुल सुनकर गांव के ही दो लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर पीड़ित महिलाओं की जान बचाई। पीड़िता ने थाना पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए कार्यवाही की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

16. घर से निकली महिला नहीं लौटी घर, गुमशुदगी दर्ज 

भरथना: थाना क्षेत्र के एक गाँव में एक महिला घर से लापता हो गयी. काफी ढूँढने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका. पति ने थाना पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई. क्षेत्र के गाँव नगला सुखलाल निवासी एक व्यक्ति ने गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया कि दो अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे मेरी पत्नी घर पर अकेली थी मैं खेतों में धान रोपाई करने के लिए गया हुआ था. बच्चे स्कूल गये हुए थे. जब मैं घर खाना खाने पहुंचा तो मेरी पत्नी घर पर नही थी काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका कुछ पता नही चल सका.पति ने बताया कि घर से कान के बाला, एक जोड़ी चांदी की तोड़ीया, सोने का मंगलसूत्र, एक अंगूठी गायब थी. पीड़ित पति की तहरीर पर थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है.

17. डॉक्टरों की कार विद्युतपोल तोड़कर खाई में गिरी,एक डॉक्टर गंभीर रूप से घायल

चकरनगर । सहसों थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब मेडिकल कॉलेज कानपुर की डॉक्टरों की टीम पचनद घूमने जा रही थी। तभी प्रतापपुरा मोड़ के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया जबकि अन्य डॉक्टर सुरक्षित बच गए। बता दें कि कानपुर मेडिकल कैंपस कॉलेज से डॉ राजेश, डॉ जितेंद्र, डॉ संजय प्रसाद और लाल सिंह मन तीर्थ स्थल पचनद घूमने जा रहे थे।तभी हनुमंतपुरा से फूप-चौरेला मार्ग पर प्रतापपुरा मोड़ के समीप अनियंत्रित कार विद्युत पोल को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सहसों थाना पुलिस ने घायल डाँ लाल सिंह को निकट अस्पताल में पहुंचाया गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया और बाकी सभी डॉक्टर सुरक्षित बच गए। हालांकि, कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं विद्युत पोल टूट जाने से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसे ठीक करने के लिए विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।थाना प्रभारी निरीक्षक सहसों अल्मा अहिरवार ने बताया कि एक घायल हो निकट अस्पताल में भर्ती कराया गया है अन्य लोग सुरक्षित है।

By : Ashutosh Bajpai Etawah (Editer Chief)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *