ब्रजेश पोरवाल-एडीटर चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

दिव्यांग पेंशन बंद, गली निर्माण अधूरा फरियादियों ने उठाई समस्याएं
भरथना : तहसील समाधान दिवस में इस बार फरियादियों की भीड़ उमड़ी। कुल 37 शिकायती प्रार्थना पत्र अधिकारियों के सामने आए, लेकिन मौके पर सिर्फ पाँच ही मामलों का निस्तारण हो सका। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने तहसील सभागार में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि समाज में अस्सी फीसदी विवाद राजस्व विभाग से जुड़े होते हैं। ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस अधिकारी मिलकर गंभीरता से सुनवाई करें, वरना विवाद थमेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि मा० मुख्यमंत्री आईजीआरएस की शिकायतों के निस्तारण पर खास जोर दे रहे हैं, लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई तय होगी।

समाधान दिवस में आईं शिकायतों में कई मामले गंभीर रहे। नगला खजुरी मडौली से आए दिव्यांग ब्रजनंदन ने बताया कि उनके घर के सामने नामजद लोग खाद व गोबर की गंदगी डालते हैं। विरोध करने पर झगड़े पर उतारू हो जाते हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक समाधान नहीं हुआ। लालपुरा गांव की दिव्यांग महिला रूपश्री ने दिव्यांग पेंशन एक साल से बंद होने की पीड़ा सुनाई। उन्होंने कहा कि लगातार चक्कर काटने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
इसी तरह व्यापार मंडल अध्यक्ष विमल पोरवाल बंटी ने नगर में चल रही प्रदर्शनी व सावन मेला की अवधि न बढ़ाए जाने पर आपत्ति जताई। कस्बे के मोतीगंज मोहल्ले के दयाराम और राजेश बाथम ने अधूरी पड़ी सौ मीटर गली को पूरा कराए जाने की मांग रखी। साथ ही मोहल्ला मोतीगंज पुष्पा देवी इंटर कॉलेज वाली गली को लेकर एक दर्जन से अधिक मोहल्लेवासियों ने भी सफाई और सडक निर्माण का मुद्दा उठाया। भैंसाई गांव के मिथलेश जाटव ने पट्टे की जमीन की पैमाइश लेखपाल द्वारा न किए जाने तथा क्षेत्र के गाँव कंधेशी पचार निवासी हरिओम दुबे ने भरथना तहसील के गाँवों में खतौनी वितरण ना कराये जाने की शिकायत दर्ज कराई।
मौके पर सिर्फ पाँच प्रार्थना पत्रों का निस्तारण हो सका, जबकि बाकी मामलों को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ब्रजेन्द्र सिंह, एसडीएम भरथना काव्या सी., तहसीलदार दिलीप कुमार, सीओ अतुल प्रधान, बीडीओ महेवा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो – फरयादियों की समस्या सुनते डीएम व एसएसपी
