इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र के कंधेशी पचार गांव में खेत में दवाई छिड़कने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट इतनी भयंकर थी कि पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं। बताया जा रहा है कि इस बवाल में कुल 11 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए भरथना के सीएचसी ले जाया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, खेत में दवाई डालने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक झगड़े का रूप ले लिया। पुलिस ने पीड़ित पक्षों से तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस सतर्कता बरत रही है।
