ब्रजेश पोरवाल टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: क्षेत्र के एक मोहल्ले से एक दम्पत्ति बैंक से लोन लेने के बाद ठगी का शिकार हो गये. इटावा जनपद के राजागंज स्थित एक बैंक के शाखा प्रबंधक व कुछ कर्मचारियों पर एक युवक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। भरथना तहसील क्षेत्र के मोहल्ला जवाहर रोड निवासी अजीत सिंह ने उपजिलाधिकारी भरथना काव्या सी. को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उसने वर्ष 2018 में बैंक से मकान बनबाने के लिए 7 लाख रुपये का लोन लिया था, लेकिन बैंक कर्मियों ने उस समय 2 लाख रुपये कमीशन के नाम पर वसूल लिए और मात्र 5 लाख रुपये ही नगद दिए।
अजीत सिंह का आरोप है कि वह लगातार 15 हजार रुपये मासिक किस्त जमा करता रहा, लेकिन बैंक खाते में रकम जमा नहीं दिखाई जा रही है और न ही पासबुक में दर्ज की जा रही। बैंक कर्मचारी कभी रसीद देने से बचते हैं तो कभी खाते का नंबर बदलने की बात कहते हैं। सात साल तक किस्त जमा करने के बावजूद अब बैंक कर्मचारी उस पर 8 लाख रुपये से अधिक का बकाया बता रहे हैं और दबाव डालकर 12 लाख रुपये की वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित का कहना है कि इस पूरे खेल में बैंक कर्मियों की संलिप्तता साफ नजर आ रही है और बार-बार परेशान करने से वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हो चुका है। अब उसने उपजिलाधिकारी भरथना से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी बैंक कर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि यदि जल्द ही न्याय न मिला तो उसका जीवन संकट में पड़ सकता है।
