26 आपदा मित्र स्वयंसेवक 12 दिवसीय प्रशिक्षण हेतु लखनऊ रवाना

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

इटावाः 12 दिसंबर 2025:- नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर द्वारा आज पूर्वाह्न 11:00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से आपदा मित्र योजना के तहत द्वितीय चरण में अवशेष 26 स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के लिए हरी झंडी दिखाकर एसडीआरएफ लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि आपदा मित्र प्रशिक्षण प्राप्त कर जिले में आपदा का सामना करने में सक्षम बनेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद आपदा मित्र जिले में फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। इन सभी को 12 दिन के प्रशिक्षण के लिए एसडीआरएफ लखनऊ भेजा जा रहा है। केंद्र सरकार की तरफ से सामुदायिक जागरूकता से आपदाओं के समय होने वाले नुकसान को कम करने लिए इस योजना को लागू किया जा रहा है। आपदा मोचक निधि से आपदा मित्र परियोजना संचालित की जाएगी।
आपदा विशेषज्ञ अवनीश दुबे ने बताया कि 13 दिसंबर से इनका 12 दिवसीय प्रशिक्षण प्रारम्भ होकर 24 दिसंबर को जनपद वापसी होगी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा निर्देशों पर इन स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, आपदा पूर्व तैयारी, भूकंप सुरक्षा, खोज एवं बचाव, अग्नि सुरक्षा, बरसात के मौसम में बाढ़, आकाशीय बिजली, सीपीआर आदि का निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद इन्हें आपातकालीन किट उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनका उपयोग आपदा के समय किया जा सके, जिसमें फर्स्ट एड किट, लाइफ जैकेट, टार्च, सुरक्षा हेलमेट, लाइटर, बहु उपयोगी रस्सी, कटर, सीटी आदि दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला आपदा विशेषज्ञ अवनीश दुबे, दैवीय आपदा लिपिक राना बेगम, आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *