ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: थाना क्षेत्र के जारपुरा–मुडैना मार्ग पर रविवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब खेतों में बने एक पानी भरे गड्ढे में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव की पहचान औरैया जनपद के खुमानपुरा गांव निवासी 40 वर्षीय रामवीर उर्फ गुड्डू पुत्र लाखन सिंह के रूप में हुई।
सुबह करीब सात बजे खेतों पर जा रहे किसानों ने जब शव देखा तो उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी। थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर साम्हों चौकी प्रभारी कोमल चौधरी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।
मृतक की पत्नी संगीता ने बताया कि उनके पति ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे। शनिवार की रात वे भरथना की कृषि उत्पादन मंडी समिति में धान लेकर गए थे, लेकिन उसके बाद उनका कुछ पता नहीं चला। सुबह सूचना मिली कि उनका शव गड्ढे में पड़ा है।
ग्रामीणों के मुताबिक तेज रफ्तार ट्रैक्टर सड़क किनारे बनी पुलिया तोड़ते हुए खेत में जा गिरा, जिससे चालक उछलकर गड्ढे में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। वहीं परिजनों का कहना है कि यह महज हादसा नहीं हो सकता, क्योंकि ट्रैक्टर और शव के बीच काफी दूरी पाई गई है। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
फिलहाल पुलिस को अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी संगीता और दो छोटे बच्चों — छह वर्षीय प्रघुमन और चार वर्षीय आर्या को रोता-बिलखता छोड़ गया है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
