ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

संदिग्ध परिस्थितियों में किसान की मौत, मौत से आठ घंटे पहले बांध कर परिजनों द्वारा मारपीट करने का वीडियो वायरल
भरथना: थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की सुबह उस समय चीख पुकार के साथ हड़कंप मच गया जब एक किसान का शव संदिग्धावस्था में फांसी के फंदे पर झूलता मिला। शव देख परिजन चीख पड़े। चीख पुकार की आवाज सुन पड़ोसी मौके पर दौड़े और डायल 112 पर घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।
मामला थाना क्षेत्र के गांव असफपुर का है जहां गांव निवासी सुरेन्द्र सिंह के 47 वर्षीय पुत्र अदीप उर्फ पिंटू का शव टीन शेड में चादर से फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों का कहना है कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब सब लोग जागे तब घटना की जानकारी हुई। परिजनों की चीखपुकार सुन सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए।
वहीं उक्त घटना के संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा रहा है कि मृतक की मौत से करीब आठ घंटे पहले यानी सोमवार की देर रात करीब नौ बजे उसके परिजन उसको रस्सी से बांधकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे है। वहीं पास में खड़ा मृतक का पिता भी परिजनों का ही साथ दे रहा है। बताया जा रहा है कि उक्त घटना के संबंध में देर रात डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची थी। साथ ही ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन मृतक के साथ मारपीट होती थी। घटना की रात भी मृतक के साथ मारपीट की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि मृतक के परिजनों ने मृतक के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की फिर जब अदीप उर्फ पिंटू की सांसे थम गई तब उसे चादर का फंदा बनाकर टीन शेड में लगी बल्ली के सहारे लटका दिया। ग्रामीणों ने नाम ना खोलने की शर्त पर बताया कि मृतक के ससुरालीजन भी अक्सर गांव में आकर पिंटू के साथ मारपीट करते थे।
मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी रूबी, पुत्र पीयूष तथा दो पुत्रियां स्नेहा व श्वेता को रोता बिलखता छोड़ गया है। उक्त घटना से मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं थाना पुलिस उक्त मामले की जांच में जुटी हुई है।
फोटो – घटनास्थल पर चीख पुकार करते परिजन
