ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर एक और अहम कदम उठाया गया है। अब भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन और चार का 300 मीटर तक विस्तार किया जाएगा। इस कार्य के लिए रेलवे अधिकारियों द्वारा सर्वे पूरा कर लिया गया है और प्रस्ताव को स्वीकृति भी मिल चुकी है।
जानकारी के अनुसार, स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो का विस्तार पहले ही किया जा चुका है, लेकिन प्लेटफॉर्म तीन और चार अब तक छोटे होने के कारण लंबी ट्रेनों के ठहराव में दिक्कतें आती थीं। इसे ध्यान में रखते हुए विस्तार की योजना तैयार की गई। हाल ही में रेलवे के उच्च अधिकारियों ने स्टेशन का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर तीन और चार के विस्तार का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सोमवार को हरी झंडी मिल गई।
स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि वर्तमान में दोनों प्लेटफॉर्म की लंबाई करीब 270 मीटर है, जिसे विस्तार के बाद बढ़ाकर 570 मीटर कर दिया जाएगा। दोनों ओर करीब 300 मीटर तक प्लेटफॉर्म बढ़ाया जाएगा, जिससे लंबी ट्रेनों के संचालन में आसानी होगी और यात्रियों को चढ़ने-उतरने में परेशानी नहीं होगी।
इस परियोजना के तहत यात्रियों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। विस्तार कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन की क्षमता भी बढ़ेगी और भविष्य में बढ़ती रेल सेवाओं का लाभ स्थानीय लोगों को मिल सकेगा।
इसके साथ ही रेलवे द्वारा दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए भी योजना बनाई गई है। आगामी छह माह में स्टेशन पर दिव्यांग-अनुकूल फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसमें व्हीलचेयर के जरिए आसानी से ऊपर-नीचे जाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे की इस पहल से भरथना स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
