ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। कस्बा स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर शुक्रवार को पूर्व निर्धारित 8 एमबीए क्षमता के ट्रांसफार्मर को बदलने का कार्य संपन्न हुआ। ट्रांसफार्मर परिवर्तन के चलते कस्बा के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे उपभोक्ताओं को पूरे दिन परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर बाद शुरू हुए कार्य के दौरान मोहल्ला बृजराज नगर, गांधी नगर, महावीर नगर, ब्रह्म नगर आदि की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रही। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद रात करीब आठ बजे आपूर्ति बहाल की गई।
हालांकि विद्युत विभाग द्वारा पहले ही सूचना जारी कर दी गई थी कि शुक्रवार को ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बावजूद इसके उपभोक्ताओं को दिनभर असुविधा झेलनी पड़ी।
कार्य के दौरान विद्युत कर्मियों ने पुराने ट्रांसफार्मर को हटाकर नए ट्रांसफार्मर की फिटिंग, केबल कनेक्शन और लोड परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की। सुरक्षा कारणों से इस दौरान बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी गई।
बिजली बंद रहने से बाजारों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ठप रहे, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को पानी भरने और अन्य आवश्यक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दिनभर बिजली न आने से दुकानदारों की बिक्री भी प्रभावित रही।
कस्बे की निवासी रीना शर्मा ने बताया, “दोपहर से देर शाम तक बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई और घर के जरूरी काम प्रभावित हुए। विभाग को ऐसे कार्य सुबह जल्दी कराने चाहिए ताकि लोगों को कम परेशानी हो।”
दुकानदार कन्हैया ने बताया लंबे समय तक बिजली न रहने से दुकानों में ग्राहकों की कमी रही और कारोबार ठप जैसा हो गया। हालांकि उम्मीद है कि नए ट्रांसफार्मर से अब आपूर्ति सुचारु रहेगी।
जेई नीरज कुमार ने बताया कि 33/11 केवी उपकेंद्र पर 8 एमबीए क्षमता के ट्रांसफार्मर को बदला गया है, कार्य के दौरान फीडर संख्या दो के अंतर्गत कुछ मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बंद रखी गई है। कार्य पूरा होने के बाद रात आठ बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
