गेस्ट हाउस के बाहर बरातियों में मारपीट, शराब के लिए रुपए न देने पर मचा बवाल

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सौंपा वीडियो, जांच में जुटी भरथना पुलिस

भरथना। क्षेत्र के सरैया रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के बाहर रविवार की देर रात बरात में शामिल युवकों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चार युवक एक बराती को जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि विवाद की वजह शराब के लिए रुपए न देना था।

जानकारी के अनुसार, जनपद औरैया के कस्बा दिबियापुर से एक बरात भरथना क्षेत्र के सरैया रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में आई थी। देर रात करीब 12 बजे बरात में शामिल कुछ युवकों ने अपने साथी बरातियों से शराब के लिए रुपए मांगे। रुपए देने से इनकार करने पर कहासुनी बढ़ गई और चार युवकों ने एक बराती को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी।

पीड़ित आकाश निवासी संजय नगर, थाना दिबियापुर, जिला औरैया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथी रवि प्रकाश और रजत के साथ बरात में शामिल हुआ था। चार युवकों ने रुपए न देने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए लात-घूंसों से हमला कर दिया। जब साथी बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट और गाली-गलौज की गई। पीड़ित ने बताया कि उसके साथी ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया है, जिसमें मारपीट का पूरा दृश्य साफ दिखाई दे रहा है। हमले में उसका दायां हाथ घायल हो गया और कपड़े भी फट गए।

थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज की भी पड़ताल की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *