खबर का असर: समय पर चिकित्सकों की उपस्थिति से पाली खुर्द स्वास्थ्य केंद्र में दिखी राहत

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना: टाइम्स ऑफ आर्यावर्त की खबर का असर अब ज़मीनी स्तर पर दिखने लगा है। भरथना क्षेत्र के गाँव पाली खुर्द स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को साफ़-सफाई दिखी, चिकित्सक समय से पहुंचे और मरीजों को देखा गया। लंबे समय से खाली पड़े इस केंद्र में अब मरीजों की जांच और इलाज का सिलसिला शुरू हो गया है।

हालांकि, एक तरफ जहां चिकित्सक उपस्थित मिले और सामान्य वार्ड में बैठकर मरीजों का इलाज करते दिखे, वहीं दूसरी ओर चिकित्सक कक्ष पर ताला लटका मिला, जो व्यवस्थागत खामी की ओर इशारा करता है।

दवा लेने आए ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष झलकता दिखा। आठ वर्षीय मासूम अंश, जो बुखार से पीड़ित था, ने बताया— “मैं बुखार की दवाई लेने आया था, डॉक्टर साहब ने अच्छे से चेक किया और दवाई दी।”

अस्पताल परिसर में सफ़ाई बेहतर मिली और मरीजों को समुचित उपचार मिल रहा है, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर होती इमारत अब भी चिंता का विषय बनी हुई है। टूटी खिड़कियां, खराब लाइटें और मरम्मत के अभाव में कई हिस्से बदहाल हालत में हैं।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक अमित दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि पाली खुर्द पीएचसी वर्तमान में किसी की तैनाती नहीं है. व्यवस्था के रूप में किसी ना किसी चिकित्सक को वहां भेज दिया जाता है. जो मरीजों का समुचित उपचार करता है.

अब सवाल यह है कि क्या यह सुधार स्थायी होगा? क्या मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं की ओर भी विभाग ध्यान देगा, या फिर यह सक्रियता कुछ दिनों तक ही सीमित रहेगी?
टाइम्स ऑफ आर्यावर्त इस मामले पर अपनी नज़र बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *