ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। कोतवाली क्षेत्र के कुँअरा गांव में पेट्रोल पम्प के समीप सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बताया गया कि एक ओवरलोड ट्रक गुजरते समय ऊपर लटकी हुई विधुत केबल में उलझ गया, जिससे अचानक 100 केवीए क्षमता वाले डबल पोल के साथ लगे दो ट्रांसफार्मर जोरदार आवाज के साथ जमीन पर गिर गए। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर तेजी से फरार हो गया।

इस घटना से भरथना टाउन एरिया की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत यह रही कि घटना स्थल के समीप ही पेट्रोल पंप स्थित है और यह स्थान भरथना-बकेवर मुख्य मार्ग पर पड़ता है। जरा सी लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही विधुत विभाग के जेई प्रमोद कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात का निरीक्षण कर विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य शुरू कराया। जेई प्रमोद कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों और तारों को दुरुस्त करने में समय लगेगा, इसलिए बिजली आपूर्ति देर शाम तक बहाल हो पाएगी।
