एक्सप्रेस-वे सुरक्षाकर्मी हादसे का शिकार, साथी से मारपीट का आरोप

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। थाना क्षेत्र के भरथना-बिधूना मार्ग स्थित बाहरपुर नहर पुल पर शनिवार शाम करीब सात बजे बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे से ड्यूटी कर लौट रहे यूपीडा के एक सुरक्षाकर्मी की बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे उसके साथियों ने जब बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने एक अन्य सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर दी।

कस्बा के मोहल्ला ब्रजराज नगर निवासी पीड़ित धर्मेंद्र सिंह चौहान पुत्र स्व. रामौतार चौहान उम्र करीब 56 वर्ष ने बताया कि वह भूतपूर्व सैनिक हैं और बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे पर यूपीडा में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात हैं। शनिवार शाम ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय बाहरपुर नहर पुल के पास सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह और दूसरी बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। गंभीर घायल धर्मेन्द्र चौहान को यूपीडा एम्बुलेंस की मदद से उपचार हेतु स्वास्थ्य केंद्र भरथना ले जाया गया जहां गंभीर हालत होने के चलते सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया.

उन्होंने बताया कि पीछे से आ रहे उनके साथी ओम प्रकाश सिंह चौहान व अवधेश सिंह यादव निवासी चकरनगर तथा आदित्य यादव निवासी ब्रजराज नगर, भरथना मौके पर पहुंचे और युवकों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर भीड़ जुट गई और आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने आदित्य यादव के साथ मारपीट कर दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल धर्मेंद्र चौहान को यूपीडा एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भरथना भिजवाया। उधर, यूपीडा पैकेज-6 के मुख्य सुरक्षा अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि हादसे में धर्मेंद्र चौहान घायल हुए हैं, जबकि मौके पर मौजूद दूसरे सुरक्षाकर्मी आदित्य यादव के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की है। मारपीट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि दूसरी बाइक पर सवार युवक आसपास के गांव के थे और नशे की हालत में भी बताये जा रहे है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बाइक की टक्कर से सुरक्षाकर्मी घायल हुआ है. जिसे उपचार हेतु स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है. फिलहाल मारपीट जैसी कोई घटना सामने नही आई है. मामले की जांच की जा रही है.

फोटो – स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद घायल तथा जानकारी करते मुख्य सुरक्षा अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *