ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
इटावा, जसवंतनगर – अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर दिनांक 21 जून 2025, शुक्रवार को सिद्धार्थ महाविद्यालय, लुधपुरा के प्रांगण में एक वृहद योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन स्टेंटोरियन फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। इसकी जानकारी संस्था के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश कुमार ने साझा की।
आकाश कुमार ने बताया कि, “इस वर्ष योग दिवस पर हमारी संस्था द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सुनियोजित, प्रभावशाली और उत्साहजनक होगा। हम यह प्रयास कर रहे हैं कि प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों का समग्र अनुभव प्राप्त हो।”
कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए संस्था के जिलाध्यक्ष पारस राजौरिया ने कहा, “योग केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह मन, मस्तिष्क और शरीर को संतुलित करता है। नियमित अभ्यास से न केवल तनाव, उच्च रक्तचाप, मोटापा और अनिद्रा जैसी समस्याओं से राहत मिलती है, बल्कि व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण का संचार होता है।”
संस्था के सचिव पंकज ने जानकारी दी कि इस योग महोत्सव के दौरान प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ध्यान और विभिन्न योगासन सिखाए जाएंगे, जो हर आयु वर्ग के लिए उपयुक्त होंगे। साथ ही, प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक पक्ष, जीवनशैली में इसकी भूमिका, और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में इसकी उपयोगिता पर भी जानकारी दी जाएगी।
पंकज ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा, “यह सिर्फ एक योग अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सामूहिक सकारात्मकता की दिशा में एक कदम है। अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को साथ लाकर इस आयोजन को सार्थक बनाएं।”
इस दौरान संस्था के सक्रिय सदस्य गौरव कुमार, यतेन्द्र शाक्य, अनूप कुमार सहित अनेक सदस्यगण उपस्थित रहे।
