ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

बहराइच। जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन बहराइच द्वारा चतुर्थ जिला स्तरीय योगा प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन ब्लॉक सभागार मिहींपुरवा में किया गया। यह संगठन योगासन भारत एवं उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की जिला इकाई के रूप में पिछले तीन वर्षों से लगातार योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। विगत वर्षों में यह प्रतियोगिता जिला मुख्यालय बहराइच में आयोजित होती थी, लेकिन दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से इस बार प्रतियोगिता का आयोजन मिहींपुरवा में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मिहींपुरवा अभिषेक वर्मा “सौरभ” रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी मिहींपुरवा रामदयाल एवं खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में मिहींपुरवा क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों सहित जवाहर नवोदय विद्यालय बहराइच के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें ममता रानी इंटर कॉलेज, लॉर्ड बुद्धा ग्रुप ऑफ पब्लिक स्कूल, नवयुग इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, गोल्डेन पब्लिक स्कूल, ज्ञान सागर इंटर कॉलेज समेत कई विद्यालयों के बच्चों ने योगासन की विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।
मुख्य अतिथि अभिषेक वर्मा “सौरभ” ने कहा कि योग लोगों को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान मोबाइल युग में बच्चों का मानसिक विकास प्रभावित हो रहा है, क्योंकि बच्चे अधिक समय मोबाइल में व्यस्त रहते हैं, जो समाज और देश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए योग को अत्यंत आवश्यक बताया।
जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार वर्मा ने कहा कि उनका संकल्प पूरे जिले को योगमय बनाना है। उन्होंने योग को संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताते हुए मिहींपुरवा में एक योग अकादमी स्थापित करने की बात कही। वहीं संगठन के सचिव सुशील बाजपेयी ने कहा कि योग किसी जाति या धर्म का प्रतीक नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने का माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान नवोदय विधालय के प्रशिक्षक कमलेश वर्मा, बाबू लाल शर्मा, सुरेश चन्द्र वर्मा, राजेश गुप्ता, हर्षवर्धन पाण्डेय, अनिल शुक्ला, ऋषिकांत श्रीवास्तव, योगेन्द्र मौर्या “पिंटू”, मिथलेश जायसवाल, अमित वर्मा, जितेन्द्र मौर्या, श्रेयांश यशस्वी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
