ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। थाना क्षेत्र में रविवार को मिशन शक्ति अभियान के नवीन फेज-5 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें महिला कांस्टेबल गीता देवी द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वीमेन हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध शिकायत नंबर 1930 पर संपर्क कर सकती हैं। साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी समझाए और महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और सुरक्षित बनाना है। उन्होंने सभी बालिकाओं और महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों को जानें और किसी भी स्थिति में डरने के बजाय तुरंत पुलिस की मदद लें।
