ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना: तहसील सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बीएलओ की बैठक ली। बैठक के दौरान डीएम ने आगामी निर्वाचन कार्य को लेकर सभी बीएलओ से विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि मतदान से जुड़े किसी भी दायित्व में चूक होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बीएलओ की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। वे घर-घर जाकर मतदाता सूची के सत्यापन का काम करते हैं, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही से चुनावी प्रक्रिया प्रभावित होती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “किसी भी हाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन क्षेत्रों में गड़बड़ी मिलेगी, वहां सीधी जवाबदेही तय की जाएगी।”
उन्होंने बीएलओ से यह भी कहा कि नए मतदाताओं के नाम दर्ज करने से लेकर मृतकों के नाम हटाने और प्रवासियों के नाम संशोधित करने तक हर बिंदु का सही और पारदर्शी अपडेट सुनिश्चित किया जाए। फील्ड विज़िट में गड़बड़ी पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अचानक निरीक्षण भी किए जाएंगे।
इस दौरान डीएम ने डेटा एंट्री, फॉर्म-6, 7, 8 की प्रगति, सत्यापन रिपोर्ट और बूथवार स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि हर बीएलओ घर-घर सर्वे के दौरान मिलने वाली शिकायतों और सुझावों को भी गंभीरता से दर्ज करें, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।
बैठक से पूर्व उपजिलाधिकारी भरथना काव्या सी., सुशांत श्रीवास्तव, आपूर्ति अधिकारी इकरार अहमद द्वारा समस्त तहसील के सरकारी राशन उचित दर विक्रेताओं को क्षेत्र में कार्य कर रहे बीएलओ द्वारा वितरण किये गये फार्मों को एकत्रित कर उन्हें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गये. बैठक में राशन डीलर सचिन यादव, सौरभ, अशोक मिश्रा, अश्वनी, सतीश चन्द्र, कृष्ण वीर, गोपाल दीक्षित, सतीश चन्द्र सहित समस्त डीलर मौजूद रहे।
फोटो – बैठक को संबोधित करते जिलाधिकारी
