ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
इटावा। महात्मा गांधी सैनिक इंटर कॉलेज में बीते 11 अगस्त को प्रवक्ता के साथ हुए अभद्र व्यवहार और मारपीट के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) ने बैठक आयोजित की। बैठक में शिक्षकों ने एक स्वर में पीड़ित प्रवक्ता को न्याय दिलाने पर जोर दिया और आगे की रणनीति तय की।

बैठक में प्रवक्ता पंकज कनोजिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 अगस्त को कॉलेज में प्रधानाचार्य द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना हुई थी, जिसके कई शिक्षक प्रत्यक्षदर्शी हैं। उन्होंने कहा कि इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद पर नियुक्ति को लेकर स्पष्ट प्रावधान है कि वरिष्ठ प्रवक्ता को ही प्रधानाचार्य बनाया जाना चाहिए, लेकिन वर्तमान प्रधानाचार्य की नियुक्ति नियमों के अनुरूप नहीं है।
प्रवक्ता पंकज कनोजिया ने बताया कि इसी अनियमितता को लेकर उन्होंने प्रार्थना पत्र दिए थे, जिससे नाराज होकर नियमविरुद्ध तरीके से तीन प्रवक्ताओं को निलंबित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रबंध समिति, जिला विद्यालय निरीक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पत्र देकर न्याय की मांग की जा रही है।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो उच्च शिक्षा अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा और जिला व प्रदेश स्तर पर संगठन के पदाधिकारियों का सहयोग लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर न्यायालय की शरण लेने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बैठक में मौजूद शिक्षकों ने कहा कि वे किसी भी स्थिति में अन्याय को स्वीकार नहीं करेंगे और नियमसंगत व्यवस्था लागू कराने तक आंदोलन जारी रहेगा।
