गाँव के बीच स्थित शराब ठेके के खिलाफ महिलाओं का हंगामा

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 701777493

सड़कों-नालियों में बहती दिखी शराब, महिलाओं ने ठेका हटाने की उठाई मांग

भरथना। थाना क्षेत्र के गांव समसपुर में देसी शराब के ठेके पर बुधवार की दोपहर करीब एक बजे हालात उस समय बिगड़ गए, जब बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण विरोध में सड़क पर उतर आए। महिलाओं ने ठेका हटाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया और ठेके से शराब की बोतलें उठाकर सड़क तथा नालियों में फेंक दीं। मौके पर सड़कों और नालियों में बहती शराब साफ नजर आई।

गांव निवासी राम प्रकाश, शिव कुमार, पिंटू, रेखा, सुलोचना, ज्योति, पुष्प, रश्मि, रीमा, नीलम, सरोज सहित बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह ठेका गांव में लंबे समय से समस्या का कारण बना हुआ है। शाम होते ही ठेके के बाहर शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जो नशे में धुत होकर गाली-गलौज और अभद्रता करते हैं। कई बार राह चलती महिलाओं और युवतियों के साथ छींटाकशी तक की जाती है, जिससे उनका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। इसी से परेशान होकर महिलाओं ने एकजुट होकर ठेके के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और ठेका कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि देर शाम ठेका संचालक ने गांव के ही एक व्यक्ति के साथ मारपीट की, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। जिसके बाद बुधवार सुबह ठेका खुलते ही महिलाओं ने ठेके का घेराव कर लिया और ठेके में रखी शराब को सडक पर फेंक दिया जिसके बाद महिलाओं ने ठेके के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ठेके को गाँव के बीच में से हटाए जाने की मांग की. महिलाओं का कहना है कि इस शराब के ठेके से पुरुष तथा बच्चे शराब खरीद कर पीते है और घरो में आकर मारपीट भी करते है. तथा उक्त ठेके को यहाँ से हटवाये जाने के सम्बन्ध में करीब तीन वर्षो से शिकायत की जा रही है. लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नही हुई है.

वहीँ ठेका कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि महिलाओं ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले साथ ही लाखो रूपए की शराब का नुकसान भी कर दिया. साथ ही गाँव की महिलाओं का कहना है कि ठेका कर्मचारी ने खुद शराब बाहर फेंकी है.

हंगामे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया और काफी देर की मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फोटो – विरोध करते ग्रामीण तथा मौके पर मौजूद पुलिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *