अवैध वसूली से ऑटो चालक त्रस्त, न्याय की गुहार लेकर थाने पहुँचे दो दर्जन से अधिक चालक

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। नगर में ऑटो चालकों से हो रही कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इससे परेशान होकर गुरूवार को दो दर्जन से अधिक ऑटो चालक एकजुट होकर थाना भरथना पहुँचे और थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह को सामूहिक रूप से शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा। चालकों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका से जुड़े कुछ कर्मचारी व ठेकेदार उनसे तय शुल्क से अधिक पैसा जबरन वसूल रहे हैं, जिससे उनकी रोज़मर्रा की कमाई पर सीधा असर पड़ रहा है।

ऑटो चालक राहुल, विष्णुकांत, गुडडू, मिंटू, जय, धीरेन्द्र, शुभम, सुनील सहित अन्य चालकों ने बताया कि वे रोज़ सवारी ढोकर बड़ी मुश्किल से अपने परिवार का पेट पालते हैं, लेकिन नगर में उनसे प्रतिदिन 20 से 25 रुपये तक की पर्ची कटवाई जा रही है, जबकि पालिका द्वारा निर्धारित शुल्क इससे काफी कम है। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा मनमानी दरों पर वसूली की जा रही है।

चालकों का आरोप है कि जब वे इस अवैध वसूली का विरोध करते हैं तो ठेकेदार व उसके लोग उनके साथ अभद्रता करते हैं और कई बार मारपीट व धमकी देने पर भी उतर आते हैं। इससे ऑटो चालकों में भय का माहौल बना हुआ है और वे मानसिक रूप से भी परेशान हैं।

सामूहिक रूप से थाना पहुँचे ऑटो चालकों ने थाना प्रभारी से मांग की कि अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें तय सरकारी दरों के अनुसार ही शुल्क देने की व्यवस्था कराई जाए, ताकि वे बिना डर के अपना काम कर सकें।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने ऑटो चालकों को आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऑटो चालकों को न्याय दिलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *