अमरनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा: रामबन में तीन बसें आपस में टकराईं, कई श्रद्धालु घायल..मौतों की नहीं अभी पुष्टि

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, यात्रियों ने चलती बस से कूदकर बचाई जान, सेना और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन—

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले से शनिवार को अमरनाथ यात्रा के दौरान एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नचलाना इलाके में तीन बसें आपस में टकरा गईं, जो सभी अमरनाथ यात्रा पर पहलगाम रूट से जा रही थीं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब यात्रियों से भरी एक बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया और वह सामने चल रही बस से जा टकराई। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही तीसरी बस भी अनियंत्रित होकर भिड़ गई, जिससे पूरे काफिले में अफरा-तफरी मच गई।हादसे के बाद कई यात्रियों ने चलती बसों से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे करीब 11 यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के आर्मी कैंप और स्थानीय अस्पतालों में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।पुलिस, सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गईं। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।इस घटना के बाद प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाई है और कहा है कि यात्रा मार्ग पर चलने वाले वाहनों की सख्त जांच की जाएगी। साथ ही बस ऑपरेटरों को चेतावनी दी गई है कि वाहन की तकनीकी स्थिति में कोई भी चूक भविष्य में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।गौरतलब है कि हर साल लाखों श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा पर निकलते हैं और ऐसे हादसे उनके जीवन को खतरे में डालते हैं। फिलहाल घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *