ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
इटावा: बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम भदवाँ सावरान में शनिवार रात एक परचून दुकानदार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सिगरेट खरीदने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दुकानदार पर लोहे के बेलचे से जानलेवा हमला कर दिया गया।
इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में तेज़ कार्रवाई करते हुए थाना बसरेहर की टीम ने रिटौली पुलिया के पास से घटना में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे विमलेश कुमार के भाई से कुछ युवकों का विवाद हुआ, जिसके बाद उन पर बेलचे से सिर और हाथ पर वार किया गया। इस हमले में पीड़ित की मां को भी नहीं बख्शा गया और उनसे भी मारपीट की गई।
थाना बसरेहर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को धर दबोचा। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि घटना से जुड़े हर पहलू को उजागर किया जा सके। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।
