ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। थाना क्षेत्र के नगला काली, पाली खुर्द गांव में रविवार सुबह उस समय चीख-पुकार मच गई, जब खेतों में बनी झोपड़ी में एक 20 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
गांव निवासी यदुनाथ उर्फ राजवीर ने बताया कि रविवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी कि उनके पुत्र राहुल का शव खेत में बनी झोपड़ी में फंदे से लटका हुआ है। परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि राहुल फांसी के फंदे पर झूल रहा था। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक, राहुल की बहन राधा की शादी तीन फरवरी, मंगलवार को होनी है। शादी की तैयारियों के चलते राहुल कुछ दिन पहले ही गुजरात से घर लौटा था। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और पूरा परिवार उत्सव की तैयारियों में व्यस्त था। इसी बीच हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी राम दवन मौर्य और थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में शादी की खुशियों की तैयारी चल रही थी, वहां अचानक मातम छा गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फोटो: मृतक की फाइल फोटो
