
ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। संत विवेकानन्द जागृति समिति, भरथना के सौजन्य से बुधवार को राम नवमी के पावन पर्व पर “हम सबके हैं राम” कार्यक्रम का आयोजन माँ अम्बे पब्लिक स्कूल, महावीर नगर परिसर में बड़े ही भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम में संतों के प्रवचन और भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

सुबह 8 बजे से विधिवत हवनयज्ञ का आयोजन किया गया, जो साढ़े 10 बजे तक चला। हवन के दौरान पूरे वातावरण में “राम नाम” और वैदिक मंत्रोच्चारण की गूंज रही। इसके बाद 11 बजे से संतो द्वारा प्रवचन का क्रम प्रारंभ हुआ, जो दोपहर 3 बजे तक चला।
प्रवचन सत्र में इटावा के महंत हरभजन दास, स्वामी श्री पिलुजा महाराज जी, तथा पचनदा संगम इटावा से पधारे श्री श्री 108 महंत स्वामी विश्वात्मा ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। संतों ने कहा कि “राम केवल अयोध्या के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के हैं। उनका जीवन आदर्श आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। हमें राम के सत्य, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेनी चाहिए।”
कानपुर से आई भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। “राम नाम की महिमा” और “भजन संकीर्तन” से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। उपस्थित भक्तजन भाव-विभोर होकर भजनों पर झूमते और तालियां बजाते रहे। इस मौके पर समिति अध्यक्ष गुरल दास नंदवानी, संयोजक वीरेन्द्र सिंह चौहान, जमुनादास लखवानी, विशुन सिंह भदौरिया, अखिलेश पोरवाल, रामप्रकाश पाल, अनिल कुमार श्रीवास्तव, राम शंकर वर्मा, करुणा शंकर दुबे सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फोटो – राम की जीवन गाथा गाते महंत हरिभजन दास
