भरथना में भगवान परशुराम स्थापना दिवस पर होगा भव्य सुंदरकाण्ड पाठ

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। परशुराम सेवा समिति रजि० भरथना की ओर से भगवान परशुराम के स्थापना दिवस के अवसर पर 24 जनवरी, शनिवार को भव्य सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम भगवान परशुराम मंदिर एवं भगवान नर्मदेश्वर महादेव मंदिर परिसर, मिडिल स्कूल भरथना में आयोजित किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष विपिन बिहारी दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान परशुराम के स्थापना दिवस पर आयोजित यह सुंदरकाण्ड पाठ धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आयोजन के माध्यम से भगवान परशुराम के आदर्शों, सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने का संदेश समाज तक पहुंचाया जाएगा।

अध्यक्ष विपिन बिहारी दुबे ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालु भक्तों, धर्मप्रेमियों एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सुंदरकाण्ड पाठ में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से किए गए धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।

आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन के साथ भक्तिमय वातावरण रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं व्यवस्था के लिए समिति द्वारा आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *