ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
महेवा (इटावा)।विकास खंड महेवा की ग्राम पंचायत धर्मपुरा में बनी इंटरलॉक सड़क आज ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। गांव के बीचो-बीच विश्राम गृह से लेकर ब्रजेश राजपूत के घर तक सड़क पर कीचड़युक्त गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क उखड़ चुकी है और पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें घरों का गंदा पानी भर रहा है। हालात यह हैं कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक ओर शासन द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर गांव में सड़कों व नालियों में भरा गंदा पानी मलेरिया, डेंगू और अन्य घातक बीमारियों को खुला न्योता दे रहा है। ग्रामीणों में बीमारी फैलने को लेकर डर बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान पिंटू राजपूत से कई बार पानी निकासी और सड़क मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए और इंटरलॉक सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि गांव को गंदगी और बीमारियों से बचाया जा सके।
