ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
इटावा। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। सहायक आयुक्त (खाद्य) राजेश द्विवेदी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में टीम ने होमगंज बाजार से लगभग 60 बोरी में भरा करीब 30 कुंतल मैदा और 1 कुंतल 80 किलो बेसन सीज किया। इन पर पैकिंग व निर्माण तिथि अंकित नहीं थी। बरामद माल की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कारोबारी द्वारा वैध बिल प्रस्तुत करने पर निर्माता कंपनी को भी पार्टी बनाते हुए कार्यवाही की गई है। सहायक आयुक्त ने मौके पर कारोबारियों को चेताया कि खाद्य सामग्री का वैध बिल रखना आवश्यक है, ताकि जिम्मेदारी निर्माता पर तय हो सके।
सुपरमार्ट और मंडी में भी मिली खामियां
इसी दौरान आईटीआई चौराहे के पास स्थित एक सुपरमार्ट पर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने पर विधिक कार्यवाही की जा रही है। यहीं से किशमिश, सेंधा नमक, पोहा, बूरा चीनी और नारियल बुरादा के नमूने लेकर जांच को भेजे गए।
जसवंतनगर होमगंज मंडी में टीम ने गरी, वेजिटेबल फैट और रस्क का नमूना लिया। अचानक हुई छापेमारी से कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानदार दुकान छोड़कर भाग निकले। विभाग ने ऐसे कारोबारियों को चिन्हित कर लिया है।
नमूना लेने से रोकने पर मुकदमा
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा ऊसराहार में नमूना लेने से रोके जाने पर वहां के कारोबारियों एवं व्यापार मंडल पदाधिकारियों पर मुकदमा अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय में दर्ज कराया गया है।
शराब की दुकानों पर भी गिरेगी गाज
सहायक आयुक्त राजेश द्विवेदी ने बताया कि विभाग अब बिना वैध FSSAI लाइसेंस के संचालित देशी-विदेशी शराब, कंपोजिट व बीयर की दुकानों पर भी कार्रवाई करेगा। विभागीय नियमों के अनुसार, बिना लाइसेंस कारोबार करने पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
छापेमारी अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश सकारिया, मृत्युंजय कुमार, सुभाष सोनकर, संदीप सिंह, कपिल गुप्ता और गायत्री शामिल रहे। विभाग की छापेमारी आगे भी लगातार जारी रहेगी।
फोटो – कार्यवाही करती खाघ विभाग की टीम
