ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। प्रयागराज से चंडीगढ़ जा रही 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस में शनिवार रात एक बुजुर्ग यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भरथना रेलवे स्टेशन पर मेडिकल टीम और रेलवे कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन के कोच संख्या एस-2 में सफर कर रहे जौनपुर निवासी कमलेश उपाध्याय की तबीयत खराब होने की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। वह परिवार के छह सदस्यों के साथ यात्रा कर रहे थे। सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने तत्काल मेडिकल सहायता और एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई।
ट्रेन के भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंचते ही रेलवे स्टाफ और मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई। कुछ देर के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मेडिकल टीम ने बुजुर्ग यात्री का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
जांच के दौरान यात्री ने खुद को सामान्य बताया। परिवार के लोगों ने भी ट्रेन से उतरने से इनकार कर दिया। कमलेश उपाध्याय ने बताया कि वे परिवार के साथ प्रयागराज से चंडीगढ़ जा रहे हैं और अब उनकी तबीयत ठीक है।
इसके बाद रेलवे प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया। घटना के दौरान रेलवे अधिकारी पूरी स्थिति पर नजर बनाए रहे।
