विधानसभा स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में वेसोली घाट एकादश बनी विजेता

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त, 7017774931

भरथना।क्षेत्र के मेढीदुधी गांव स्थित महात्मा गांधी स्टेडियम में विधायक राघवेंद्र गौतम द्वारा आयोजित विधानसभा स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में वेसोली घाट एकादश ने चकरनगर इलेवन को चार विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए चकरनगर इलेवन ने निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 68 रन बनाए। टीम की ओर से बल्लेबाज जीतू ने सर्वाधिक 30 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेसोली घाट एकादश ने 10.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 71 रन बनाते हुए मैच जीत लिया।

विजेता टीम के खिलाड़ी विशाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 रन बनाए और दो विकेट हासिल किए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मैच के दौरान व्यूमराजा एवं रवींद्र दुबे ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि राका डिसूजा ने कमेंट्री और दीपक ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली।

पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में विधायक राघवेंद्र गौतम ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव बंटी आदि की मौजूदगी में विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के अंत में जिला पंचायत सदस्य दीपांशु गौतम एवं ग्राम प्रधान क्षितिज ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *