ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। कस्बे में सोमवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर लौट रहे एक थोक किराना व्यापारी को निशाना बनाते हुए नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 15 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। वारदात इतनी सुनियोजित और तेजी से अंजाम दी गई कि पीड़ित संभल तक नहीं पाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गयी. और तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुट गये.
कस्वा के मोहल्ला विशंभर कॉलोनी निवासी गोविंद शाक्य पुत्र श्याम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मेरी कस्वा के मोहल्ला नेविलगंज स्थित गल्ला मंडी में थोक किराना की दुकान है। रोज की तरह सोमवार रात करीब 9 बजे मै दुकान बंद कर नकदी से भरा बैग लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही मैं जय गोपाल स्कूल के समीप पहुंचा, तभी पीछे से काले रंग की बाइक पर सवार नकाबपोश युवक मेरे पास आ धमके। बदमाशों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे और हाथ में तमंचा लहराते हुए मुझे बीच रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाता, बदमाशों ने धमकाकर मेरा बैग छीन लिया और पलक झपकते ही फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही क्षणों में घटित हो गई जिससे संभलने का भी मौक़ा नही मिल सका।
लूट को अंजाम देने के बाद आरोपी नजदीक में ही स्थित बैंक वाली गली से होते हुए बिधूना रोड की तरफ भाग निकले। खास बात यह है कि घटनास्थल दुकान से करीब 150 मीटर की दूरी पर है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि बदमाशों ने पहले से व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी और मौके की तलाश में थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हडकम्प मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव और एसपी ग्रामीण श्रीश चंद्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी आरडी मौर्य तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध बाइक सवार भागते हुए दिखाई दिए हैं।
घटना को लेकर एक रोचक मोड़ भी सामने आया है। जहां प्रत्यक्ष रूप से तीन बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई, वहीं पीड़ित तथा स्थानीय निवासियों का दावा है कि कुल पांच लोग इस वारदात में शामिल थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि कुछ बदमाश पहले से ही गली के आसपास छिपे हुए थे और बाकी ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित गोविंद शाक्य की तहरीर पर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ 304(2) स्नैचिंग का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की कुल पांच टीमें गठित की हैं। ये टीमें लगातार संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही हैं और सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हैं। हालांकि वारदात के दूसरे दिन भी पुलिस को कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लग सकी। टीमें दिनभर संभावित रूट और आसपास के इलाकों में जांच करती रहीं, लेकिन बदमाश पकड़ से बाहर हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल यह सनसनीखेज लूटकांड पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
