ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। क्षेत्र के पाली गांव स्थित प्राचीन मां पालट देवी मंदिर प्रांगण में चल रही रासलीला का गुरूवार को भव्य समापन हुआ। कई दिनों से चल रहे इस धार्मिक आयोजन के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्री श्यामांचल कृष्ण लीला मंडल, श्याम कुटी वृंदावन धाम (मथुरा) द्वारा आयोजित रासलीला में अंतिम दिन भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक लीलाओं का मंचन किया गया। राधा-कृष्ण की झांकियों और महारास की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कलाकारों के सजीव अभिनय और आकर्षक साज-सज्जा ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान धर्मोपदेशक रघुवीर शरण ने अपने प्रवचनों के माध्यम से भक्ति, प्रेम और मानव जीवन के मूल्यों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति ही जीवन का सच्चा मार्ग है और इससे मनुष्य को सच्ची शांति प्राप्त होती है। समापन अवसर पर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। देर रात तक चले इस आयोजन में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
आयोजकों द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। रासलीला के समापन के साथ ही पूरे गांव में आध्यात्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।
