ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ़ आर्यावर्त, 7017774931
भरथना। नगर क्षेत्र में बेसहारा घूम रहे सांडों की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है। मंडी तिराहा पर फल बेचकर परिवार का गुजारा करने वाले 55 वर्षीय प्रेमबाबू उर्फ राजू की सांड के हमले में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब पांच बजे कानपुर के एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गयी। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
कस्वा के मोहल्ला गिरधारीपुरा निवासी प्रेमबाबू को बीती 18 फरवरी को सती मंदिर के पास मंडी तिराहा पर आवारा सांड ने उनपर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था. प्राथमिक इलाज के बाद हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
बुधवार सुबह जब उनका शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गुस्साए परिजनों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने समझा बुझाकर स्थिति संभाल ली। बाद में उपनिरीक्षक तनमय चौधरी ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रेमबाबू अपने पीछे पत्नी ममता देवी, पुत्र कृष्ण, प्रियांशु, हिमांशु, दीपांशु तथा पुत्रियां संध्या और पल्लवी को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे मोहल्ले में शोक व्याप्त है।
फोटो – मृतक फ़ाइल फोटो तथा परिजनों को समझाते थाना प्रभारी
