ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। थाना क्षेत्र के एक गांव में कुत्तों के झगड़े को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। पथराव में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव महमूदपुर (रमायन) में बीती रात करीब नौ बजे जगतपाल के पालतू कुत्ते और गांव के आवारा कुत्तों के बीच लड़ाई हो रही थी। इसी दौरान कुत्तों को अलग करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के नामजद लोग मौके पर पहुंचे और कहासुनी के बाद झगड़ा बढ़ गया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। पथराव में जगतपाल की पत्नी निर्मला देवी के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना पुलिस मामले की जाचं में जुटी हुई है।
