ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार को नगर के गायत्री नगर स्थित निर्माणाधीन गायत्री शक्तिपीठ परिसर में अखिल विश्व गायत्री परिवार शान्तिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में पाँच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा व उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञ में आहुतियाँ अर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की।

महायज्ञ का आयोजन परम पूज्य युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण की भावना के साथ किया गया। प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक चले यज्ञ में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके उपरांत 11 बजे से 12 बजे तक गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें गायत्री परिवार के विचारों और संस्कारों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजन में ट्रस्ट के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी वीरेन्द्र सिंह यादव, ट्रस्टी शान्तीदेवी ओझा, सुरेन्द्र सिंह आढ़ती, शिवकिशोर शर्मा, मोहित कुमार यादव, देवाशीष चौहान, सुमन पोरवाल, संजीव कुमार, शैलेन्द्र सिंह यादव, बल्देव सिंह यादव, प्रशान्त चौहान सहित अनेक सहयोगियों की सक्रिय भूमिका रही।
