कायाकल्प कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भरथना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया गया

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत संचालित कायाकल्प कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भरथना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया गया। कानपुर से आई कायाकल्प टीम के सदस्य डॉ. फिरोज ने सीएचसी की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. फिरोज ने अलग-अलग वार्डों, ओपीडी, स्टोर रूम, दवा भंडारण कक्ष, लेबर रूम सहित पूरे अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतुष्टि जाहिर की।

डॉ. फिरोज ने सीएचसी प्रशासन को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित होर्डिंग और बैनर अधिक संख्या में लगाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि एनएचएम के तहत संचालित योजनाओं का प्रचार-प्रसार होना जरूरी है, जिससे आमजन को उनका पूरा लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को कायाकल्प मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं बनाए रखने और उन्हें और बेहतर करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों को स्वच्छ, सुरक्षित और मरीज-अनुकूल बनाना है।

इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. सैफ खान, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। सभी ने टीम द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *