जमीन से उखड़ा बिजली पोल मकान की छत पर टिका, बड़ा हादसा होने का खतरा—स्थानीय लोग दहशत में

ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना: कस्बा के मोहल्ला कल्याण नगर में पिछले कई दिनों से एक बिजली पोल गंभीर खतरे की वजह बना हुआ है। जमीन से पूरी तरह टूटकर यह पोल सड़क पार स्थित मकान के छज्जे पर टिका हुआ है। पोल किसी भी क्षण गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई है। स्थिति ऐसी है कि लोग उसी रास्ते से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हालत पांच दिनों से बनी हुई है, लेकिन बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मोहल्ले के निवासियों राजेन्द्र सिंह, अभिषेक कुमार, अमित कुमार, रंजीत ठाकुर, विजय दुबे और शिवम पोरवाल ने बताया कि टूटे पोल की जानकारी कई बार विभाग तक पहुंचाई गई, इसके बावजूद समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि बारिश या तेज हवा की स्थिति में हादसे की आशंका और बढ़ सकती है।

टूटा हुआ बिजली पोल मोहल्ला निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव के मकान के छज्जे पर टिका है, जिससे मकान के नुकसान की भी संभावना बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि विभाग तत्काल मौके पर टीम भेजकर पोल को हटवाए और नया पोल लगवाए ताकि कोई अनहोनी न हो।

इस संबंध में विद्युत उपखंड अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले का संज्ञान ले लिया गया है। उन्होंने अवर अभियंता को निर्देशित किया हैं और आश्वासन दिया कि समस्या का निस्तारण शीघ्र ही कराया जाएगा।

फोटो – मकान पर टिका टूटा पोल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *