ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। थाना परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र ने की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि जनता को त्वरित न्याय मिल सके।

समाधान दिवस में विभिन्न गांवों और मोहल्लों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। गांव कंधेशी पचार के सुभाष चन्द्र ने अपनी जमीन की पैमाइश कराए जाने की मांग की, कस्बे के मोहल्ला महावीर नगर के राजेश गोस्वामी ने विपक्षी द्वारा कराए जा रहे अवैध निर्माण की शिकायत दी, इकारपुर गांव की प्रीति देवी ने भूमि की पैमाइश कर कब्जा दिलाए जाने की गुहार लगाई, सरावा गांव के दयाराम ने जमीन की पैमाइश कर कब्जा रोके जाने की मांग की, वहीं पुराना भरथना के दिनेश चन्द्र ने चार लोगों द्वारा उनकी जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। समाधान दिवस में कुल छह शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस दौरान भरथना पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक इदु हसन, भगवान सिंह, जितेन्द्र पाल सिंह, राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार समेत राजस्व व पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो – थाना परिसर में फरियादियों की समस्याएं सुनते अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण
