ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931

भरथना। नगर पालिका परिषद भरथना में शनिवार को आयोजित बोर्ड बैठक में नगर के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू ने की। इस दौरान लिपिक आदित्य प्रताप सिंह भदौरिया ने शासन से प्राप्त विभिन्न शासनादेशों व दिशा-निर्देशों को बोर्ड के समक्ष पढ़कर सुनाया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित “विकसित उत्तर प्रदेश @2047—समृद्धि का शताब्दी वर्ष” कार्यक्रम के तहत किए जाने वाले कार्यों से भी बोर्ड को अवगत कराया गया।

बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में सड़क, नाला/नाली निर्माण, पथ प्रकाश व्यवस्था और सफाई कार्यों में सुधार को लेकर कई प्रस्ताव रखे। विगत माह के आय-व्यय का ब्योरा भी बैठक में प्रस्तुत किया गया, जिसे चर्चा के बाद सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
सभासद सुशील पोरवाल, नूरबानो, शिवा यादव समेत कई सभासदों ने अपने क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य कराए जाने की मांग रखी। पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव ने अधिशाषी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा को निर्देशित किया कि नगर की पेयजल आपूर्ति, सफाई और प्रकाश व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाए ताकि आमजन को कोई असुविधा न हो।
बैठक के दौरान कर्मचारियों की कार्यशैली पर भी चर्चा हुई। सभासदों ने बताया कि सफाई नायक संदीप यादव, राजकुमार और कार्यालय कर्मी रणजीत कुमार कार्य में लापरवाही बरतते हैं, बिना बताए छुट्टी पर चले जाते हैं और कई बार ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता करते हैं। इस पर पालिकाध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिशाषी अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक उपरांत मृतक आश्रित के रूप में मोहित कुमार को उनके पिता स्व. संजीव कुमार की मृत्यु के उपरांत नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। अधिशाषी अधिकारी ने सभी कर्मचारियों को समय से कार्य पूर्ण करने और सफाई मित्रों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी निष्ठा से कार्य करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष अजय कुमार यादव “गुल्लू” के द्वारा धनतेरस दिवाली के पावन अवसर पर आए हुए सभी पत्रकार बन्धूओ एवं सभासदों व नगर पालिका के कर्मचारीयों को स्वदेशी मिट्टी के द्वारा बने दियों के साथ-साथ मिठाई व गिफ्ट दिये गए। गिफ्ट पैक और मिठाई व स्वदेशी दिये पाकर सभी ने पालिका अध्यक्ष का आभार प्रकट किया। भरथना पालिका अध्यक्ष ने कहा हम सभी को स्वदेशी चीजों को ही अपनाना चाहिए और स्वदेशी चीजें ही इस्तेमाल करनी चाहिए जिससे कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था सुधरे और सशक्त व मजबूत बने।
अंत में पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव और अधिशाषी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा ने सभी सभासदों एवं नगरवासियों को दीपावली और आगामी त्यौहारों की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपस्थित सभासदों को मिष्ठान भी वितरित किया गया।
बैठक में सभासद सीमा, मीरा, रीना देवी, सुनील कुमार, नीतेश कुमार, चांदनी, आलोक यादव, नीरज, किरण पोरवाल, रेखा देवी सहित अन्य सभासदों के साथ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, अरविंद सिंह रावत, राहुल त्रिपाठी, शिवम गुप्ता, अशोक यादव, पंकज दुबे (सफाई प्रभारी) समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
