ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना : आगामी 19 सितम्बर शुक्रवार को भरथना नगर की गलियां भोलेनाथ की बारात के स्वागत में भक्तिमय माहौल से गूंजेंगी। रंग-बिरंगी झाँकियां, अलग-अलग देवी-देवताओं के दिव्य स्वरूप और कलाकारों के नृत्य से नगरवासी अलौकिक अनुभव करेंगे। यह आयोजन 127वें रामलीला महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
भरथना श्रीरामलीला कमेटी (रजि.)के पदाधिकारी अध्यक्ष रोहित यादव, महामंत्री विनोद गोस्वामी, कोषाध्यक्ष नीलेश त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से बताया कि बारात का शुभारम्भ कस्बे के कुंअरा स्थित ब्लाक परिसर से किया जाएगा। नगर भ्रमण की यह यात्रा राजागंज, मोतीगंज, तिलक रोड, बजाजा लाइन, आजाद रोड, गिरधारीपुरा, सती मंदिर, मंडी रोड, श्रेष्ठ नगर, पुराना भरथना, बालूगंज, सरोजनी रोड, जवाहर रोड, कृष्णा नगर होते हुए अंत में हीरो एजेंसी (न0 राजा) पर सम्पन्न होगी।
बारात में शंकर भगवान की सवारी के साथ-साथ हनुमान जी, माँ दुर्गा, रामदरबार और राधा-कृष्ण की झलकियां विशेष आकर्षण का केन्द्र बनेंगी। वहीं काली मण्डल के कलाकारों का ऊर्जावान नृत्य श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेगा। आयोजकों ने नगर व आसपास के श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे इस धार्मिक उत्सव में शामिल होकर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस ऐतिहासिक परंपरा को भव्य बनाने में सहभागिता निभाएं।
